दरभंगा सोना लूटकांड में बड़ी कामयाबी : अब तक 11 गिरफ्तार, 1.5 किलो सोना, 72 पीस हीरा और 30.89 लाख कैश बरामद

दरभंगा। बीते 9 दिसंबर को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने बिहार के दरभंगा शहर के चर्चित दगरू सेठ की थोक इकाई बड़ा बाजार स्थित अलंकार ज्वेलर्स से करीब 11.5 किलो सोना, हीरा और नकद लूट लिया था। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले थे। तब से पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस बहुचर्चित लूटकांड मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना तिथि से लगातार पुलिस कार्रवाई जारी
दरभंगा एसएसपीबाबूराम ने शनिवार को बताया कि घटना तिथि से लगातार पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इस बीच मुंगेर से विकास झा की गिरफ्तारी हुई। उसकी निशानेदही पर समस्तीपुर और बेगूसराय में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान दरभंगा से लूटा गया करीब 1.5 किलो सोना, 72 पीस हीरा और 30.89 लाख कैश बरामद किया गया है। कुल 11 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
समस्तीपुर के बदमाश शामिल
एसएसपी ने बताया कि जेल भेजा गया विकास झा ने यह बताया था कि लूटकांड को अंजाम देने में समस्तीपुर के बदमाश शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने जांच कर समस्तीपुर निवासी तरूण साह के घर पर छापेमारी की। उसे गिरफ्तार किया गया। उसके घर से 72 पीस लूट का हीरा बरामद किया गया। तरूण ने पूछताछ में पूरी जानकारी दी। इस आधार पर समस्तीपुर के मनोज राय, लक्ष्मण राय और प्रिंस कुमार के घर पर भी छापेमारी की गई। इस दौरान प्रिंस और मनोज राय के घर से लूट का सोना और कैश बरामद किया गया। लूट का माल छिपाने के आरोप में इनके स्वजनों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तरूण ने पुलिस को बताया था कि लूट के सोना में से 1850 ग्राम सोना 47 लाख में बेगूसराय के एक सोनार से बेचा गया था। इस आधार पर पुलिस ने वहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया है और 400 ग्राम गलाया हुआ सोना जब्त किया गया है।
दलसिंहसराय के एके ज्वेलर्स से लूट का सोना बरामद
इसके अतिरिक्त समस्तीपुर के दलसिंहसराय स्थित एके ज्वेलर्स से 60 ग्राम लूट का सोना बरामद किया गया है। पुलिस ने ताजा कार्रवाई में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम लगातार लूट का सोना बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
6 दिसंबर को ही अंजाम दे देना था
एसएसपी ने साफ किया कि घटना को अंजाम देने की योजना बनाने में समस्तीपुर का शातिर तरूण भी शामिल था। लूट की घटना को 6 दिसंबर 2020 को ही अंजाम दे देना था। लेकिन, उस दिन बदमाश सफल नहीं हो सके। फिर 9 दिसंबर को लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी समस्तीपुर स्थित तरूण के घर गए। उसी के घर पर लूट के माल का आपस में बंटवारा किया और सभी अलग हो गए थे।

About Post Author

You may have missed