टीवी के रिमोर्ट के लिए भाई से झगड़ा कर बहन ने खाई जहर, मौत
फुलवारी शरीफ। टीवी का रिमोर्ट के लिए भाई-बहन में हुए झगड़ा के बाद मां ने जब लगाई फटकार तो बहन ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला ही समाप्त कर ली। यह घटना फुलवारीशरीफ के रानीपुर शिवमंदिर के नजदीक स्थित नीरज कुमार के घर की है। भाई-बहन के लड़कपन की लड़ाई में मां की डांट-फटकार ने छात्रा को इस कदर नाराज कर दिया कि उसने जहर खाकर पूरे परिवार को जीवनभर का दर्द देकर चली गयी। बेटी की मौत से मां बार-बार बेहोश हो जा रही है और होश में आते ही छाती पीट-पीट कर विलाप करने लगती है। उस अभागे भाई और पिता का भी रोते-रोते बुरा हाल है। बिलखते परिजनों को आसपास की महिलाएं संभालने में लगे रहे। पूरे गांव में मातम का माहौल हो गया है।
नीरज कुमार ने बताया कि दसवीं की छात्रा उनकी बेटी पूजा का कल रात टीवी देखने को लेकर भाई से रिमोर्ट छिनने के दौरान झगड़ा शुरू हो गया। भाई-बहन के झगड़े में मां हस्तक्षेप करते हुए बेटी को कड़ी फटकार लगा दी। जिससे गुस्साई बेटी पूजा (16) ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। उल्टी होते देख घरवाले इलाज के लिए पीएमसीएच ले गए, जहां पूजा की शुक्रवार की देर रात मौत हो गई। थानेदार रफीकुर्रहमान ने बताया कि घटना की जानकारी पीएमसीएच के टीओपी प्रभारी ने उन्हें दिया है। घटना के बाद परिजन लड़की को सीधे पीएमसीएच लेकर चले गए थे। वहां जो बयान परिजनों ने टीओपी को दिया है, उसे मंगवाया जा रहा है।


