February 15, 2026

जालसाजी : चेक पर बीस के पहले तीन जोड़कर निकाल ली 3.20 की सरकारी राशि, मामला दर्ज

फतुहा। उत्क्रमित मध्य विद्यालय समसपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रकाश कुमार पर जालसाजी कर सरकारी राशि निकाले जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि बीस हजार के चेक पर प्रकाश ने आगे तीन लाख जोड़कर पैसों की निकासी कर ली है। इस संबंध में बीईओ ने फतुहा थाने में एफआइआर दर्ज कराई है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रकाश कुमार बिना किसी सूचना के विद्यालय से 25 अगस्त से ही गायब हैं। इनके गायब रहने के कारण प्रधानाध्यापक का प्रभार सहायक शिक्षिका सुशीला देवी को दी गई है। सुशीला देवी ने बताया कि जब वह स्वयं शिक्षा समिति की सचिव सुंदर देवी के साथ 19 अक्टूबर को सरकारी खाते को उप-टू-डेट कराने बैंक आॅफ बड़ौदा शाखा पहुंची तो फर्जीवाड़े का पता चला। पैसे निकासी के बारे में जब पता लगाया गया तो शिक्षा समिति के सचिव ने कहा कि विद्यालय में बर्तन खरीदने के लिए बीस हजार के चेक पर हस्ताक्षर किया था। उस चेक पर प्रभारी ने आगे तीन लाख अंकित कर लिया। और इस तरह कुल तीन लाख बीस हजार की राशि निकाल ली गई। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को भी दे दी गई है। इधर, थानेदार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

You may have missed