खबरें फुलवारी की : कार्यकर्ताओं का आभार जताने पहुंचे गोपाल रविदास, मांझी को जीत की बधाई, बकाया पैसा मांगा तो फोड़ दिया सर
कार्यकर्ताओं का आभार जताने फुलवारी और पुनपुन कार्यालय पहुंचे गोपाल रविदास
फुलवारी शरीफ। फुलवारी सुरक्षित सीट 188 से महागठबंधन के भाकपा माले उम्मीदवार गोपाल रविदास जदयू के अरुण मांझी को भारी अंतर से हराने के बाद फुलवारी और पुनपुन कार्यालय पहुंचे। जहां महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने फूल माला से लादकर गोपाल रविदास का स्वागत किया। मौके पर भाकपा माले फुलवारी विधायक कॉ. गोपाल रविदास ने कहा कि हर दुख-सुख में साथ खड़े रहेंगे और मान-सम्मान के साथ समस्याओं के समाधान के लिए लड़ाई लड़ेंगे। फुलवारी कार्यालय में पहुंचे राजद के जिलाध्यक्ष देवमुनी प्रसाद ने गोपाल रविदास को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। मौके पर महागठबंधन के कार्यकर्ताओं की भीड़ मौजूद रही ।

पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की जीत पर बधाई

फुलवारी शरीफ। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के इमामगंज विधानसभा सीट से भारी अंतर से विधानसभा के पूर्व स्पीकर उदय नारायण चौधरी को हराकर विजयी होने पर हम पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रफुल्ल चन्द्रा, महासचिव नीतीश दांगी, सचिव राकेश कुमार, राजेश पोद्दार, बादल श्रीवास्तव, मो. शमसुद्दीन, अमृत रंजन उर्फ काजू, डॉ. सुनील यादव, रोहित तिवारी, अजीत यादव, सुधीर, तरुण यादव, गब्बर यादव उर्फ राकेश यादव ने बधाई दी है।
बकाया पैसे मांगने गए तो मार कर फोड़ दिया सर
फुलवारी शरीफ। पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के गौरीचक इलाके में बकाया पैसा मांगने गए एक व्यक्ति की दो भाईयों और मां ने मिलकर जमकर पीटा। इस दौरान तीनों ने मिलकर उसका सर फोड़ दिया, तब पीड़ित भागकर जान बचाते हुए थाना पहुंचा। थाना में आवेदन देते हुए पीड़ित राजेश ने बताया है कि स्व. प्रमोद राम के बेटे साहिल, सूरज और प्रमोद राम की पत्नी राधा देवी के पास उनका 20000 रूपये करीब 6 महीने से बकाया है, जो बार-बार मांगने पर नहीं दे रहे हैं। इधर फिर जब पैसा मांगने गया तो साहिल और सूरज ने बुरी तरह मारा-पीटा, जिसमें उनका सर फट गया व उसकी मां राधा देवी उसका हाथ काटने का प्रयास कर रही थी। थानेदार लालमणि दुबे ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

