खबरें फतुहा की : महिला मोर्चा गठित, चार मवेशी चोरी, गंगा में डूबने आयी महिला

महिला मोर्चा का गठन
फतुहा। गुरुवार को भाजपा के नगर अध्यक्ष शोभा देवी के नेतृत्व में नगर महिला मोर्चा की कमिटी का गठन किया गया। महिला मोर्चा की अध्यक्ष अनामिका अग्रवाल ने पुष्पा देवी व सुनीता देवी को उपाध्यक्ष, पूनम केशरी को महामंत्री तथा शीला देवी राधा देवी, उर्मिला देवी व रणिता देवी को मंत्री का पद देकर कमिटी का गठन किया। सौम्या देवी को मोर्चा का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। मौके पर भाजपा कार्यकर्ता के रुप में रंजीत विशाद, अभिषेक अग्रवाल, अरविंद यादव समेत कई लोग मौजूद थे।

चार मवेशी की चोरी
फतुहा। बीते रात्रि कोलहर गांव के डीह पर एक दलित किसान की चार मवेशी चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। मवेशियों में दो भैंस तथा दो पारी (बच्चे) शामिल हैं। इस संदर्भ में पीड़ित किसान महेश पासवान ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। बताया जाता है कि घर के बगल में स्थित एक बरामदे में जब मवेशी मालिक सो रहा था तभी उसके मवेशी को चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। मवेशी मालिक के अनुसार इस घटना से करीब 80 हजार रुपये की क्षति हुई है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

गंगा में डूबने आयी महिला को ग्रामीणों ने पकड़ पुलिस को सौंपा
फतुहा। गुरुवार को स्थानीय कटैया घाट पर गंगा में डूबने आयी एक 25 वर्षीय महिला को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार महिला थाना क्षेत्र के ही एक गांव की है। पारिवारिक कलह से पीड़ित होकर महिला ने यह कदम उठाया है। पुलिस ने उसके परिजनों को बुला कागजी प्रकिया पूरी कर सौंप दिया। वहीं ग्रामीणों के अनुसार महिला काफी देर से कटैया घाट पर बैठी हुई थी। जब एकाएक उठकर गंगा की ओर बढ़ी तो हमलोगों ने उसे पकड़ लिया तथा पुलिस को बुलाकर सौंप दिया।

You may have missed