खबरें फतुहा की : महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास, मठ बचाओ अभियान के तहत धरना, स्कूली बच्चों को दिलायी शपथ
शौच के लिए निकली महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास, शिकायत दर्ज
फतुहा। बीते शुक्रवार की रात्रि थाना क्षेत्र के परसा गांव के नजदीक एक महिला से पांच -छह लोगों के द्वारा दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में पीड़ित महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। बताया जाता है कि महिला शौच के लिए घर से बाहर गयी थी तभी पांच से छह लोगों ने हथियार के बल पर महिला के साथ मारपीट करने लगे तथा दुष्कर्म का प्रयास करने लगे। महिला किसी तरह जान बचाकर घर भागी और हल्ला करने लगी। परिजनों ने जब विरोध किया तो सभी आरोपी भाग खड़े हुए। पुलिस के अनुसार मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है, वैसे शिकायत के आलोक में मामले की छानबीन की जा रही है।

साधु-संतों ने मठ बचाओ अभियान के तहत दिया धरना

फतुहा। शनिवार को दरियापुर स्थित कबीर मठ के परिसर में साधु-संतों ने मठ बचाओ अभियान के तहत धरना दिया। धरने के दौरान साधु-संतो ने धार्मिक न्यास परिषद के द्वारा जिस व्यक्ति को महंथ के रुप में मनोनीत किया गया है, उसे निरस्त किए जाने की मांग की। इस संदर्भ में साधु-संतों ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ को एक ज्ञापन भी सौंपा है। संतों ने कबीर मठ पर काबिज महंथ परमानन्द दास पर अपना विश्वास जताया है। वहीं दूसरी तरफ न्यास परिषद द्वारा मनोनीत ब्रजेश मुनि दास ने भी पांच दिन की मोहलत खत्म हो जाने पर प्रशासन से महंथी दिलाए जाने की गुहार लगाई है। विदित हो कि इन दिनों कबीर मठ में मठाधीश को लेकर दो गुटों के बीच व्यापक तनाव व्याप्त है।
शतचंडी महायज्ञ के लिए निकाली गई कलश शोभा यात्रा
फतुहा। शनिवार की सुबह सोनारु के शिव मंदिर से शतचंडी महायज्ञ की आयोजन को लेकर एक भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं की यह शोभा यात्रा त्रिवेणी संगम पहुंची तथा कलश में गंगा जल लेकर वापस सोनारु के लिए लौट गयी। सोनारु के शिव मंदिर प्रांगण में इस यज्ञ का पूर्णाहुति दो फरवरी को होगी। इस दौरान मंदिर में देवी व हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा भी स्थापित की जाएगी। कलश यात्रा के दौरान रवि प्रसाद, केशव प्रसाद, शशि प्रसाद, चिंटू कुमार, राजन कुमार,कुंदन कुमार राहुल कुमार समेत सैकड़ों महिला श्रद्धालु मौजूद थे।
मतदाता दिवस पर स्कूली बच्चों को दिलायी गयी शपथ

फतुहा। शनिवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में मतदाता दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों को शपथ दिलाई गई। इस दौरान बीडीओ मृत्युंजय कुमार, डीसीएलआर अखिलेश यादव, एएसपी मनीष कुमार सिन्हा, प्रखंड कर्मी सिद्वनाथ कुमार, शिक्षक कपिलदेव प्रसाद ने स्कूली बच्चों को यह शपथ दिलाई कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए आनेवाले समय में बिना भेदभाव के मतदान प्रक्रिया को सफल बनाए जाने में सहयोग करुंगा। बच्चों को इस अवसर पर मतदान संबंधी जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर कई सरकारी स्कूल के बच्चे वहां मौजूद थे।

