February 17, 2026

खबरें फतुहा की : पांच ओवरलोड ट्रैक्टर जब्त, वृद्ध महिला व उसके बेटी को पीटा, बाईक चोरी

पीपा पुल से पार हो रहे पांच ओवरलोड ट्रैक्टर को किया गया जब्त
फतुहा। शनिवार को पटना सिटी के एसडीओ राजेश रौशन के नेतृत्व में कच्ची दरगाह स्थित पीपा पुल पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। उक्त अभियान के तहत पीपा पुल से गुजर रहे बालू-गिट्टी लदे पांच ओवरलोड ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया तथा नदी थाना को सुपुर्द कर दिया गया। विदित हो कि पीपा पुल की जर्जर हालत रहने के कारण कुछ दिन पहले ही एसडीओ राजेश रौशन के निर्देश पर भारी व ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई थी। छापेमारी के दौरान खनन विभाग के अधिकारी तथा नदी थाना प्रभारी सकेंन्द्र कुमार भी मौजूद थे।

टोका फंसाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने वृद्ध महिला व उसके बेटी को पीटा
फतुहा। रविवार को थाना क्षेत्र के रुकुनपुर गांव में बिजली पोल से टोका फंसाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने एक वृद्ध महिला व उसके बेटी की पिटाई कर जख्मी कर दिया। जख्मी मां कौशल्या देवी अपनी बेटी के साथ थाने पहुंची तथा पड़ोसियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने दोनों का इलाज पीएचसी में कराया है। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

घर के पास से बाइक की चोरी
फतुहा। बीते शनिवार की रात थाना क्षेत्र के मुराजपुर गांव में घर के पास से ही अज्ञात चोरों ने एक बाइक की चोरी कर ली। इस संदर्भ में पीड़ित बाइक मालिक संतोष कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। बताया जाता है कि बाइक मालिक घर के पास बाइक खड़ी कर घर में चला गया। थोड़ी देर बाद जब वहां पहुंचा तो उसकी बाइक गायब थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

You may have missed