अब शाहीन बाग में चली गोली, आरोपी पुलिस के गिरफ्त में, विरोध में महिलाओं ने बनाई मानव श्रृंखला
CENTRAL DESK : सीएए और एनआरसी को लेकर दिल्ली के शाहीन बाग में उस वक्त सनसनी मच गई जब एक हमलावर ने वहां गोली चला दी है। यह फायरिंग शाहीन बाग में चल रहे धरने से चंद कदम दूरी पर जसोला रेडलाइट पर मेट्रो लाइन के हुई है। बता दें जहां गोली चली है वह जगह मुख्य धरनास्थल से करीब 150 मीटर दूर है। गोली चलने से कोई घायल नहीं हुआ है। बता दें कुछ दिन पहले जामिया इलाके में एक नाबलिग ने फायरिंग की थी। जामिया के बाद अब शाहीन बाग में गोली चलने से लोगों में दहशत है। शाहीन बाग में पिछले कई दिनों से सीएए और एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन जारी है। इस प्रदर्शन में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि वह शख्स हवा में फायरिंग कर रहा था। उसका नाम कपिल गुर्जर है। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

डीसीपी ने दी जानकारी
इधर दिल्ली पुलिस के डीसीपी चिन्मय बिसवाल ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि यह फायरिंग हवा में की गई थी, हालांकि पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गाड़ी में बिठाए जाने से पहले कहा, ‘हमारे देश में और किसी की नहीं चलेगी, सिर्फ हिंदुओं की चलेगी।’ बताया जा रहा है कि आरोपी दल्लुपुरा का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि आरोपी को सरिता विहार थाना ले जाया गया है।
धरने के खिलाफ लोगों ने शुरू किया धरना
इधर, घटनास्थल पर महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाई है। वहीं शाहीन बाग में धरने को हटाने की मांग को लेकर धरना शुरू हो गया है। यहां करीब 100 लोग जुटे जिन्हें पुलिस पकड़कर ले गयी। हालांकि फिर थोड़ी देर में छोड़ दिया तो ये लोग फिर वापस धरनास्थल पर आ गए। जिस जगह गोली चली है वहीं पर धरना शुरू कर दिया। लोग शाहीन बाग खाली करो, दिल्ली बंधक नहीं बनेगी के नारे लगा रहे हैं। घटना स्थल पर भीड़ बढ़ती जा रही है।
जामिया में नाबालिग ने की थी फायरिंंग
बता दें कि 30 जनवरी को जामिया नगर में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में मार्च निकाल रहे प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर भी एक नाबालिग युवक ने गोलियां चला दीं थी। इस फायरिंग में जामिया मिलिया इस्लामिया का एक छात्र घायल हो गया था। यह हमलावर युवक पिस्तौल लहराता हुआ आया और ‘यह लो आजादी’ कहते हुए गोली चला दी थी। इसके बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया।

