February 24, 2026

अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने को गुंडा परेड का आयोजन

मुंगेर। बिहार में बढ़ते क्राइम के ग्राफ पर अंकुश लगाने के लिए बिहार पुलिस मुस्तैद दिखने लगी है। मुंगेर की पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के निर्देश पर अपराधियों व असामाजिक तत्वों में भय का वातावरण बनाने के लिए जिला के सभी थानों में गुंडा परेड का आयोजन किया गया। इलाके में गैर कानूनी गतिविधियों को संचालित करने वाले असामाजिक तत्वों की हरकतों पर निगरानी रखने के लिए गुंडा परेड का आयोजन किया गया था। जुआ, शराब कारोबार, सरकारी कर्मचारियों से दुर्व्यवहार, मारपीट-फसाद करने वाले असामाजिक तत्वों को बुलाकर उनसे पूछताछ की गई तथा असामाजिक व गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई। एसपी लिपि सिंह ने भी विभिन्न थानों का दौरा कर गुंडा परेड का जायजा लिया और असामाजिक तत्वों को अपनी हरकतों से बाज आने की चेतावनी दी। लिपि सिंह ने बताया कि इनकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। यदि इनकी गतिविधियों में सुधार होगा और किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिलेगी तो ऐसे लोगों का नाम गुंडा सूची से बाहर किया जाएगा और यदि इनकी हरकतें इसी तरह जारी रही तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को समय-समय पर गुंडा परेड का आयोजन कर इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया।

You may have missed