December 7, 2025

राजद सुप्रीमो की किडनी फंक्शन कभी भी बिगड़ सकता है, भविष्यवाणी करना मुश्किल : डॉक्टर

CENTRAL DESK : राजद नेताओं व कार्यकर्ताओं को मायूस करने वाली खबर सामने आ रही है। बहुचर्चित चारा घोटाले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव रांची के रिम्स में इलाजरत हैं। जहां उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर मीडिया में आ रही है। इलाज करने वाले डॉक्टर ने चिंता जताते हुए संबंधित विभागों को इस बारे में सूचित कर दिया है। उन्होंने बताया है कि लालू यादव की किडनी मात्र 25 फीसदी ही काम कर रही है।
लालू का इलाज कर रहे रिम्स के डॉक्टर उमेश प्रसाद ने न्यूज एजेंसी से कहा कि ‘लालू यादव का किडनी फंक्शन कभी भी बिगड़ सकता है। भविष्यवाणी करना मुश्किल है। यह स्पष्ट रूप से खतरनाक है और मैंने इसे अधिकारियों को लिखित रूप में दिया है।’
इधर, लालू यादव की खराब तबीयत की जानकारी रिम्स प्रशासन की तरफ से स्वास्थ्य विभाग को दिए जाने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय उनसे मिलने रिम्स पहुंचे। कांग्रेस ने कहा कि खराब तबीयत की जानकारी मिली तो मैं हाल जानने पहुंचा। इसके अलावा बिहार के दो राजद विधायक भी लालू से मिलने के लिए आज पहुंचे थे। जेल मैनुअल के मुताबिक, लालू से मुलाकात के लिए शनिवार को तीन लोग रिम्स के पेइंग वार्ड में जा सकते हैं।
बता दें बीते शुक्रवार को लालू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई होने वाली थी, जो अब 6 सप्ताह बाद होगी। अगर कल लालू को रांची हाईकोर्ट से जमानत मिल जाती तो वे जेल से बाहर आ सकते थे।

You may have missed