पूर्व मध्य रेल ने दो हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराया मुफ्त भोजन

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल द्वारा मंगलवार को रेल सुरक्षा बलों द्वारा 15 विभिन्न स्टेशनों के निकट रह रहे 2223 जरूरतमंद लोगों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराया गया। इन सभी लोगों के लिए भारतीय रेल खान-पान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) द्वारा भोजन तैयार किया गया। भोजन पकाने एवं इसके वितरण में गैरसरकारी संगठनों ने भी रेलवे को भरपूर सहयोग दिया। विदित हो कि कोरोना के खिलाफ जंग में रेलवे द्वारा कई कदम उठाए गए हैं । इस संकट की घड़ी में पूर्व मध्य रेल अपनी जिम्मेवारियों को महसूस करते हुए ऐसे जरूरतमंद लोगों को मुफ्त भोजन उपलब्ध करा रहा है। साथ ही सामाजिक दूरी और स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन पर विशेष ख्याल रखा जा रहा है।

दानापुर मंडल के आरा, राजेन्द्रनगर टर्मिनल, पटना, दानापुर, दिलदार नगर एवं किउल स्टेशनके आस-पास के 687 जरूरतमंद लोगों को रेल सुरक्षा बल द्वारा भोजन उपलब्ध कराया गया। समस्तीपुर मंडल के समस्तीपुर, रक्सौल, दरभंगा, नरकटियागंज, सहरसा स्टेशन तथा सोनपुर मंडल के बरौनी स्टेशन के निकट 435 लोगों को दोपहर एवं रात के लिए भोजन उपलब्ध कराए गए।
इसी क्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के मनसानगर, गया, सासाराम और पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशनों के आसपास रह रहे 1100 जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया। इन सभी जगहों पर रेल सुरक्षाबलों को स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग प्राप्त हुआ।